कांग्रेस द्वारा जारी दूसरी लिस्ट में 43 उम्मीदवारों के नाम, पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को मिला टिकट

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की दूसरी सूची में 43 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को भी लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ को टिकट दी गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालौर टिकट दी गई है। असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई को जोरहाट से टिकट दी गई है।

लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस ने दूसरी सूची जारी की है। कांग्रेस की दूसरी सूची में 6 राज्यों से 43 नामों की घोषणा की गई है। इसमें असम से 12 , गुजरात से 7, मध्य प्रदेश से 10, राजस्थान से 10, उत्तराखंड से 3 और दमन द्वीप से 1 उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई है। कांग्रेस की इस सूची में 13 ओबीसी, 10 एससी, 9 एसटी और एक मुस्लिम उम्मीदवार है।

बता दें कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को 60 से अधिक उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। इनमें से करीब 40 से अधिक नामों पर सीईसी ने मुहर लगाई थी। मंगलवार को कांग्रेस की दूसरी सूची में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ का नाम भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *