बसपा सुप्रीमो का एक और हमला: ‘भाजपा-कांग्रेस को आने से रोकें, आरक्षण को बचाना है’

bsp_leader_mayawati

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान लखनऊ का विकास कितना हुआ है यह किसी से छिपा नहीं है। आज कोई आता है तो लखनऊ के स्मारक जरूर घूमता है। वर्तमान में आरक्षण कोटे के पद खाली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था प्रभावित कर दी गई है। आप सब को केंद्र में भाजपा व कांग्रेस को आने से रोकना है। पूंजीवादी, संप्रदायिकता, जातिवादी नीतियों को रोकना है तो बसपा प्रत्याशी को जिताना होगा। बसपा अगर केंद्र में आती है तो अवध क्षेत्र बनाया जाएगा और उसी में आपका यह लखनऊ होगा। यह बातें रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को कही। केंद्र में पदोन्नति में आरक्षण लाने का बसपा ने प्रयास किया तो तत्कालीन कांग्रेस सरकार का बीजेपी ने साथ देते हुए बिल पास नहीं होने दिया।

बसपा सुप्रीमो रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम में मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली और बाराबंकी के लोकसभा प्रत्याशी और लखनऊ पूर्वी विधानसभा से प्रत्याशी आलोक कुशवाहा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा काम करती है। विपक्षी पार्टियों की तरह घोषणा पत्र जारी नहीं करती।सरकार आने पर काम करने पर विश्वास रखती है। आराेप लगाया कि भाजपा ने जो घोषणा की थी, उसके हिसाब से एक चौथाई काम नहीं किया। अब भाजपा के प्रलोभन काम नहीं आने वाले। भाजपा ने दस सालों में अपनी ताकत पूंजीवादियों के विकास में लगा दिया। न्यायालय ने अधिकांश राजनीतिक दलों के बांड पर सवाल खड़े किए। बसपा का कोई बांड नहीं है।

कार्यकर्ताओं द्वारा जो मेरे जन्म दिन और पार्टी फंड में चंदा आता है, उसी से पार्टी चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार सरकारी जांच एजेंसियों का गलत प्रयोग कर रही है। वर्तमान में केंद्र की नीतियों से किसान वर्ग, छोटा व मध्यम वर्ग व्यापारी, कर्मचारी सबसे ज्यादा परेशान है। उन्होंने कहा कि आज जो आरक्षण मिल रहा है वह किसी पार्टी की नहीं, बाबा साहेब की देन है। मंडल कमीशन की रिपोर्ट और निजी सेक्टर में आरक्षण पर भी चर्चा की।बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सरवर मलिक ने सोने का मुकुट देकर स्वागत किया। वहीं मोहनलालगंज के लोकसभा प्रत्याशी राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान ने चांदी का हाथी, पूर्वी विधानसभा से प्रत्याशी आलोक कुशवाहा ने सामान्य हाथी देकर सम्मानित किया। इस दौरान रायबरेली लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद यादव व बाराबंकी से लोकसभा प्रत्याशी शिव कुमार दोहरे भी मंच पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *